ओडिशा से भाजपा विधायक विष्णु सेठी का निधन



लखनऊ(नेशनल डेस्क) -  ओडिशा के भाजपा विधायक विष्णु चरण सेठी का सोमवार को गुर्दे से संबंधित समस्याओं के कारण भुवनेश्वर के एम्स में निधन हो गया। वह 61 वर्ष के थे। एम्स के चिकित्सा अधीक्षक सच्चिदानंद मोहंती ने कहा कि सेठी को इस साल 16 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सेठी अपने पैतृक भद्रक जिले के दो अलग-अलग निर्वाचन क्षेत्रों से दो बार राज्य विधानसभा के लिए चुने गए। वह पहली बार 2000 में चांदबली विधानसभा क्षेत्र से और फिर 2019 में धामनगर विधानसभा सीट से सदन के लिए चुने गए थे। वह ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के उप नेता के रूप में कार्यरत थे। वह अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और बेटी छोड़ गए हैं।

उनके निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित कई पार्टी के कई बड़े नेताओं ने अपना शोक जताया है।

ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल, आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, विधानसभा अध्यक्ष बिक्रम केशरी आरुख, ओडिशा कांग्रेस अध्यक्ष शरत पटनायक और विभिन्न राजनीतिक दलों के कई नेताओं ने सेठी के निधन पर शोक व्यक्त किया है।