बृजलाल खाबरी को बनाया गया UP कांग्रेस अध्यक्ष



लखनऊ/नई दिल्ली(डेस्क) - बृजलाल खाबरी उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष बनाये गए हैं। उनके साथ ही नकुल दुबे, वीरेंद्र चौधरी, अनिल यादव, योगेश दीक्षित, अजय राय व नसीमुद्दीन सिद्दीकी को प्रांतीय अध्यक्ष बनाया गया है।

इससे पहले अजय कुमार लल्लू कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष थे। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार की जिम्मेदारी लेते हुए लल्लू ने 16 मार्च को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से कांग्रेस अध्यक्ष का पद खाली था। इससे कांग्रेस ने प्रदेश में अन्य पार्टियों के मुकाबले दलित नेता को प्रदेश की कमान सौंप 2024 की तैयारी का भी आगाज कर दिया है। प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने की घोषणा पर बृजलाल खाबरी ने कहा कि मैं इस भूमिका के लिए तैयार हूं। कांग्रेस सभी को साथ लेकर चलती है। हम धर्म और जाति के आधार पर भेदभाव नहीं करते। दलित प्रदेश अध्यक्ष होने पर उन्होंने कहा कि पार्टी ने आज की जरूरत को ध्यान में रखकर निर्णय लिया है।