लगातार छठी बार देश का सबसे स्वच्छ शहर बना इंदौर



नई दिल्ली (डेस्क) - मध्य प्रदेश के इंदौर को लगातार छठी बार देश का सबसे साफ-सुथरा शहर होने का सम्मान मिला है। इसके बाद गुजरात के सूरत और महाराष्ट्र के नवी मुंबई को स्थान दिया गया है। केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वे का नतीजा शनिवार को जारी किया गया है।

‘स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2022’ में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों की श्रेणी में मध्य प्रदेश ने पहला स्थान हासिल किया है, इसके बाद छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र का स्थान है। इंदौर और सूरत ने इस साल बड़े शहरों की श्रेणी में अपना शीर्ष स्थान बरकरार रखा है, जबकि विजयवाड़ा ने अपना तीसरा स्थान गंवा दिया और यह स्थान नवी मुंबई को मिला है। साल 2016 में शुरू किए गए इस स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत 73 शहरों को लिया गया था। सात सालों में बढ़कर यह आंकड़ा 4 हजार के पार पहुंच गया है।

सर्वेक्षण के परिणामों के अनुसार, 100 से कम शहरी स्थानीय निकायों वाले राज्यों में त्रिपुरा ने शीर्ष स्थान हासिल किया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को यहां एक कार्यक्रम में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इस मौके पर केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी और अन्य भी मौजूद थे।