नौसेना के बेड़े में शामिल हुआ INS मोरमुगाओ



नई दिल्ली (डेस्क) - भारतीय नौसेना के बेडे में आधुनिक हथियारों से लैस 'आईएनएस मोरमुगाओ' शामिल हो गया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने इसे इंडियन नेवी को सौंप दिया है।  हिंद महासागर क्षेत्र में चीन के बढ़ते दखल के बीच इस युद्धपोत का इंडियन नेवी में शामिल होना महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बता दें कि INS Mormugao का डिजाइन भारतीय नौसेना के स्वदेशी संगठन ने तैयार किया है। इसका निर्माण मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड मुंबई ने किया है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि युद्धपोत को शामिल किए जाने से भारत की समुद्री ताकत मजबूत होगी। उन्होंने 'आईएनएस मोरमुगाओ' को प्रौद्योगिकी आधार पर सबसे उन्नत युद्धपोत बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था दुनिया की पांच शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और विशेषज्ञों के अनुसार यह 2027 में शीर्ष तीन में शामिल हो जाएगी।

वहीं भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने कहा, "स्वदेशी युद्धपोत निर्माण के इतिहास में आज का दिन एक और मील का पत्थर है क्योंकि हम विध्वंसक मोरमुगाओ को चालू कर रहे हैं। इसके सहयोगी जहाज विशाखापत्तनम को एक साल पहले ही भारतीय नौसेना में शामिल किया गया था। "