नासिक-शिर्डी हाईवे पर टूरिस्ट बस की ट्रक से हुई टक्कर



नई दिल्ली / महाराष्ट्र(डेस्क) - महाराष्ट्र में शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, मुंबई से शिर्डी आ रही टूरिस्ट बस की नासिक-शिर्डी हाईवे पर आमने-सामने की टक्कर हो गई। बस में कुल 45 यात्री सवार थे। जानकारी के अनुसार हादसे में 10 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी है वहीं करीब 35 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें नजदीकी साईंबाबा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जिसमे कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 हादसा पाथेर गांव के पास हुआ जो सिन्नर-शिरडी हाईवे पर पड़ता है। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक दोनों ही बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। मृतकों की पहचान की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन से आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बस में मुंबई के अंबरनाथ के यात्री सवार थे, जो शिर्डी दर्शन के लिए जा रहे थे।