भारत की हॉकी विश्‍व कप में धमाकेदार शुरुआत, स्पेन को 2-0 से रौंदा



नई दिल्ली(स्पोर्ट्स डेस्क) - भारतीय हॉकी टीम ने आज खचाखच भरे बिरसा मुंडा स्टेडियम पर एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप के अपने पहले मैच में स्पेन को 2-0 से हराकर शानदार आगाज किया है। भारतीय खिलाडिय़ों ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया और स्पेन को एक भी गोल करने का मौका नहीं दिया। अंतत: टीम इंडिया ने पहला मुकाबला जीतकर विजयी शुरुआत कर ली है। भारत को पूल डी में स्पेन, इंग्लैंड और वेल्स के साथ रखा गया है।

पहले क्वार्टर में स्पेन की टीम हावी दिखी, लेकिन भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने एक भी गोल नहीं होने दिया है। श्रीजेश ने शानदार बचाव किए करते हुए टीम इंडिया को आगे रखा। टीम इंडिया को 11वें मिनट में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला. हालांकि हरमनप्रीत इसे कन्वर्ट नहीं कर सके। इसके बाद 13वें मिनट में भारत को दूसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला। अमित रोहिदास ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया। अमित ने शानदार ड्रैग फ्लिक से गोल कर भारत को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद हाफ टाइम तक टीम इंडिया पूरी तरह से हावी रही। 26वें मिनट में भारत को गोल का दूसरा मौका मिला। 26वें मिनट में भारत के लिए हार्दिक सिंह ने शानदार गोल दाग भारत को 2-0 से आगे कर दिया। हाफ टाइम के बाद दोनों टीमों के बीच गोल की जद्दोजहद चलती रही, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। भारतीय टीम ने आखिर तक अपना दबदबा बनाए रखा और आखिरकार पहले ही मुकाबले में 2-0 से शानदार जीत दर्ज कर विजयी शुरुआत की।

बता दें कि इसी के साथ भारत हॉकी विश्‍व कप इतिहास में 200 या ज्‍यादा गोल दागने वाला दुनिया का चौथा देश बन गया है। भारत से पहले ऑस्‍ट्रेलिया, नीदरलैंड्स और पाकिस्‍तान यह कमाल कर चुके हैं। भारत के लिए ऐतिहासिक 200वां गोल अमित रोहिदास ने दागा। हॉकी विश्‍व कप इतिहास में सबसे ज्‍यादा गोल करने वाली टीमों में शीर्ष पर ऑस्‍ट्रेलिया काबिज है। ऑस्‍ट्रेलिया ने अब तक 313 गोल दागे हैं। इसके बाद दूसरे स्‍थान पर नीदरलैंड्स 267 गोल के साथ काबिज है। सबसे ज्‍यादा बार विश्‍व कप जीतने वाली पाकिस्‍तान की टीम 235 गोल के साथ तीसरे स्‍थान पर जमी हुई है। भारतीय टीम 201 गोल के साथ इस लिस्‍ट में चौथे स्‍थान पर है। इन चारों देशों के अलावा किसी ने 200 का आंकड़ा नहीं छुआ है।