गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा बनेंगे मिस्र के सैनिक



  • मिस्र के राष्ट्रपति भी समारोह में होंगे शामिल

नई दिल्ली(डेस्क) - 26 जनवरी को दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में मिस्र का 120 सदस्य मार्चिंग दल भी कर्तव्य पद पर परेड करता दिखाई देगा। इसके अलावा गणतंत्र दिवस समारोह में मिस्र के राष्ट्रपति भी भाग लेने भारत आएंगे। दूसरी ओर आईएल 38 विमान पहली बार गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा होगा।

गौरतलब है कि इस वर्ष 26 जनवरी को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल सिसी मुख्य अतिथि होंगे। गणतंत्र दिवस परेड में 16 अलग-अलग मार्चिंग दस्ते शामिल होंगे। इस बार गणतंत्र दिवस परेड में सेना के स्वदेशी हथियार व उपकरण प्रदर्शित किए जाएंगे। गणतंत्र दिवस समारोह में कर्तव्य पथ पर 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। खास बात यह है कि जिन 21 तोपों से सलामी दी जाएगी, वे भी भारत में ही विकसित और निर्मित की गई हैं।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक इस वर्ष गणतंत्र दिवस परेड के दौरान देश की भौगोलिक और समृद्ध सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हुए को विभिन्न सफलताओं को प्रदर्शित किया जाएगा। फुल ड्रेस रिहर्सल में शामिल रही असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, दादर नगर हवेली तथा दमन व दीव, गुजरात, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक एवं केरल जैसे राज्यों की 17 झांकियां गणतंत्र दिवस पर ऐतिहासिक विरासत वाली झलक प्रस्तुत करेंगी।