पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह समेत यूपी की आठ विभूतियाें को मिला पद्म सम्मान



  • भारत सरकार ने गणतंत्र दिवस के मौके पर पद्म पुरस्‍कारों का ऐलान किया है
  • सीएम योगी ने दी बधाई
  • मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्मविभूषण से सम्‍मानित किया गया है

नई दिल्ली (डेस्क) - उत्तर प्रदेश की आठ विभूतियों को देश के शीर्ष नागरिक सम्मान 'पद्म अवार्ड' से अलंकृत किए जाने की घोषणा पर मुख्यमंत्री योगी  आदित्यनाथ ने प्रसन्नता व्यक्त की है और विभूषित हस्तियों को बधाई दी है।  

यूपी के पूर्व सीएम और देश के रक्षामंत्री रह चुके मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत दूसरे सर्वोच्‍च नागरिक सम्‍मान पद्मविभूषण से सम्‍मानित किया गया है। उनके अलावा यूपी के ही सात और लोगों को विभिन्‍न क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए पद्मश्री दिया गया है। वहीं राधाचरण गुप्ता को साहित्य और शिक्षा के लिए, दिलशाद हुसैन को कला क्षेत्र, अरविंद कुमार को साइंस और इंजीनियरिंग क्षेत्र, उमा शंकर पांडेय को सामाजिक कार्य, मनोरंजन साहू को मेडिसिन क्षेत्र, ऋत्विक सान्याल को कला क्षेत्र और विश्वनाथ प्रसाद तिवारी को साहित्य और शिक्षा के लिए पद्मश्री सम्मान से विभूषित किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रसन्न्ता व्यक्त करते हुये ट्वीट किया “ आज प्रतिष्ठित 'पद्म पुरस्कार' से सम्मानित होने वाली उ.प्र. की सभी आठ विभूतियों का हृदय से अभिनंदन। विभिन्न क्षेत्रों में आप सभी के उत्कृष्ट योगदान ने प्रदेश को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पटल पर गौरवभूषित किया है। लक्ष्य के प्रति आप सभी का समर्पण अनुकरणीय है।”

कुल 106 लोगों को पद्मसम्‍मान : भारत सरकार ने इस बार इस बार 6 हस्तियों को पद्म विभूषण सम्मान दिया है। इनके अलावा पद्म भूषण सम्मान 9 लोगों को और पद्मश्री पुरस्कार 91 विभूतियों को दिया गया है।