निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने BJP के सामने रखी उप मुख्यमंत्री पद की मांग



लखनऊ (न्यूज़ डेस्क) - भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी दल निषाद पार्टी ने एक बड़ी मांग कर दी है। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने आगामी विधान सभा चुनाव में उप मुख्यमंत्री पद की मांग की है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा अगर उन्हें उप मुख्यमंत्री का चेहरा बनाकर चुनाव लड़ती है तो इससे उसे और फायदा मिलेगा और हमारी सरकार बनेगी।

संजय निषाद ने दावा किया कि यूपी की 144 से अधिक विधानसभा की सीटों पर निषाद व उनकी अन्य उपजातियों का है दबदबा। यही जाति भाजपा को विजय दिलाती हैं। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकारों में भी उचित प्रतिनिधित्व देने की बात कही है।

साथ ही उन्होंने कहा - हमने केंद्र में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और उत्तर प्रदेश में मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह से मिलकर स्पष्ट कर दिया है कि निषाद समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा दिया जाए। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में निषाद पार्टी का एक विधायक है जबकि संजय निषाद के बेटे प्रवीण निषाद संत कबीर नगर से भाजपा के सांसद है।