लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 24 अक्टूबर को होगा कायस्थ महाकुंभ



लखनऊ - विभिन्न संस्थाओं व मंचों में बंटे उत्तर प्रदेश ही नहीं देश-विदेश के कायस्थों को एकजुट करने और एक छत के नीचे लाने का जिम्मा संभाले कायस्थ संघ अंतर्राष्ट्रीय आगामी अक्टूबर माह में 24 तारीख को राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कायस्थ महाकुंभ करने जा रहा है। इस कार्यक्रम का मकसद कायस्थ समाज को उसकी खोयी प्रतिष्ठा वापस दिलाना, राजनीतिक हिस्सेदारी, समाज में उसका भागीदारी समेत तमाम प्रमुख मांगों को उठाया जायेगा।

इस संबंध में निर्णय के लिए शुक्रवार को हजरतगंज स्थित एक निजी भवन में कायस्थ संघ अंतर्राष्ट्रीय की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुइ। इस बैठक में करीब दो दर्जन पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी के विचार-विमर्श के बाद संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए न्यास के अध्यक्ष दिनेश खरे और उपाध्यक्ष संजय अस्थाना ने निर्णय लिया कि आगामी 24 अक्टूबर को राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कायस्थ महाकुंभ का आयोजन किया जायेगा। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर देश की जानी-मानी प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित किया जायेगा। यही नहीं, इस महाकुंभ में खांचों में बंटे विभिन्न कायस्थ संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उन्हें भी इसका हिस्सा बनाया जायेगा। श्री खरे ने बताया कि महाकुंभ में कायस्थ समाज की विभिन्न समस्याओं, बेरोजगारों को नौकरी, गरीब बच्चियों के विवाह की जिम्मेदारी, आर्थिक कमी के कारण न पढ़ पाने वाले बच्चों की पढ़ाई, समाज व राजनीतिक क्ष्ोत्र में हिस्सेदारी, कायस्थ बाहुल्य सीटों पर प्राथमिकता समेत तमाम मांगों को उठाया जायेगा। उन्होंने बताया कि इस मौके पर कायस्थ समाज की विभिन्न प्रतिष्ठित शख्सियतों को अंग-वस्त्र व एक धनराशि देकर सम्मानित भी किया जायेगा। साथ ही एक वार्षिक पत्रिका का भी विमोचन किया जाना है। उन्होंने कहा कि कायस्थ संघ अंतर्राष्ट्रीय के सदस्यों की संख्या तकरीबन एक लाख से ऊपर की है।