वाराणसी में कल होने वाली किसान न्याय रैली की तैयारी पूरी, प्रियंका गांधी करेंगीं संबोधित



  • रैली में किसानों को न्याय दिलाने की होगी मांग  

लखनऊ - उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के डिजिटल मीडिया संयोजक/प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कल बनारस में होने वाली किसान न्याय रैली की तैयारी को लेकर बताया कि वाराणसी में कल होने जा रही किसान न्याय रैली की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। सूत्रों के अनुसार यह रैली किसानों को न्याय दिलाने और उनकी लड़ाई पर केंद्रित होगी।

वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार कांग्रेस महासचिव इस दौरान बाबा श्री काशी विश्वनाथ, मां कुष्मांडा, बाबा काल भैरव दरबार का दर्शन करेंगी। इसके बाद वह किसान न्याय रैली में चुनावी शंखनाद करेंगी।

अंशू अवस्थी ने बताया कि बनारस के जगतपुर इण्टर कालेज में आयोजित होने वाली किसान न्याय रैली में कांग्रेस महासचिव/प्रभारी उत्तर प्रदेश  प्रियंका गांधी किसानों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेगीं।

रैली की तैयारियों के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग में वार रूम बनाया गया है, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दो दिन पहले से ही बनारस में रैली की तैयारियों को लेकर कैम्प कर रहे हैं और लगातार कार्यकर्ताओं को तैयारी संबंधी दिशा निर्देश जारी कर रहे हैं और खुद भी मौके पर जाकर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। राष्ट्रीय सचिव /सह प्रभारी  धीरज गुर्जर भी कल ही तैयारियों का जायजा लेने के लिए कैम्प कर चुके हैं, राष्ट्रीय सचिव रोहित चौधरी, राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल भी पहले ही पहुँच चुकें हैं। रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिख रहा है, एवं कांग्रेस के कार्यकर्ता काफी जोश और सिद्दत के साथ रैली में पहुंच रहें हैं।

 रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस की नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना, नेता विधान परिषद दीपक सिंह, पूर्व मंत्री व मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक पंकज मलिक, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व राज्यसभा सदस्य पीएल पुनिया उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ निर्मल खत्री, पूर्व विधायक अजय राय सहित अन्य पूर्व केंद्रीय मंत्री, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक पहुंच चुकें हैं। कल होने वाली किसान न्याय रैली में से बड़ी संख्या में किसान नेता और कार्यकर्ताओं का पहुँचना शुरू हो गया है।