मुख्य बाजारों और मॉल में होगा कोविड टीकाकरण



लखनऊ - मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. मनोज अग्रवाल की अध्यक्षता में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ कोविड  टीकाकरण एवं राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम पर बृहस्पतिवार को  बैठक का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में किया गया ।

इस बैठक में  मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद लखनऊ में लगभग 77 फीसद लक्षित जनसंख्या को पहली डोज से  आच्छादित किया जा चुका है। साथ ही उन्होंने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से शेष लाभार्थियों को टीकाकृत करने तथा त्योहारों  के मद्देनजर  जनपद के मुख्य बाजारों एवं शॉपिंग मॉल में प्रतिदिन टीकाकरण कराने हेतु अग्रणी भूमिका निभाते हुए स्थान चिन्हित कर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया | जिस पर व्यापार मंडल द्वारा सहमति प्रदान करते हुए जल्द ही स्थान चिन्हित कर उपलब्धता सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया  कि उपरोक्त चिन्हित स्थानों पर दीपावली पर्व तक लगातार दोपहर 12 बजे से रात्रि 8 बजे तक टीकाकरण केंद्र संचालित किए जाएंगे ।व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप बंसल जी ने आश्वासन दिया  कि व्यापार मंडल कोरोना की तीसरी संभावित लहर को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेगा।

इसके साथ ही तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा-  तंबाकू और उसके उत्पादों का सेवन जानलेवा है | तंबाकू और इसके उत्पादों का  सेवन  न केवल कैंसर जैसी बीमारियों का कारण है बल्कि यह व्यक्ति का जीवन भी बर्बाद करता है | इसलिए बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर इसको रोकने में आप स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें | लोगों को इसका सेवन करने से रोकें और उन्हें   जागरूक करें |

कार्यक्रम के अंत में उप मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मिलिंद वर्धन ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित कर सभा का समापन किया। इस मौके पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.आर.वी. सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश यादव, यूएनडीपी  के महेश शर्मा, महामंत्री रिपन कंशल, जिलाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, जिला महामंत्री सुरेश छबलानी  और नगर अध्यक्ष श्री जावेद बेग सहित विभिन्न क्षेत्रों के अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।