द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति कायर्काल का एक वर्ष पूरा



नई दिल्ली(डेस्क) - राष्ट्रपति के तौर पर मंगलवार को द्रौपदी मुर्मू ने अपने एक साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का का ये कार्यकाल हर लिहाज से अभूतपूर्व रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर ओडिशा जाएंगी। दौरे के दौरान राष्ट्रपति कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति भवन से मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति मुर्मू 25 से 27 जुलाई तक ओडिशा दौरे पर रहेंगी।

राष्ट्रपति अटूट-बंधन परिवार द्वारा आयोजित मेडिकल छात्रों के एक समूह के साथ बातचीत कर अपनी यात्रा की शुरुआत करेंगी। राष्ट्रपति ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में राजभवन के एक नए भवन की आधारशिला रखेंगी। इसके अलावा मुर्मू 26 जुलाई को कटक में ओडिशा उच्च न्यायालय के 75वें वर्ष समारोह के समापन सत्र में शामिल होंगी। 26 जुलाई को ही मुर्मू एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल और कटक के वार्षिक समारोह को संबोधित करेंगी। इसके अलावा राष्ट्रपति ओडिशा की नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के एक दीक्षांत समारोह में भी शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति 27 जुलाई को राजभवन में पीवीटीजी के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी। मुर्मू प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की सकारात्मक परिवर्तन का वर्ष थीम लॉन्च करेंगी। इसके अलावा वे भुवनेश्वर में इसके लाइटहाउस कॉम्प्लेक्स की आधारशिला रखेंगी।

25 जुलाई 2022 को द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर ‘Her Story My Story’ के जरिये राष्ट्रपति ने महिलाओं के प्रति उनके सम्मान को बयान किया है। राष्ट्रपति का युवाओं से भी जबरदस्त लगाव रहा है। पिछले एक साल में द्रौपदी मुर्मू ने आईआईटी दिल्ली, इग्नू, जेएनयू, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, आईआईआईटी धारवाड़, एनआईटी कुरुक्षेत्र, मिजोरम विश्वविद्यालय, विश्व भारती विश्वविद्यालय, पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज सहित पूरे भारत के 18 शैक्षणिक संस्थाओं के दीक्षांत समारोहों को संबोधित किया है।