कल से खुलेगा जन्मभूमि पथ, और सुलभ हो जाएगा राम लला का दर्शन करना



अयोध्या(डेस्क) - राम जन्मभूमि मंदिर को जोड़ने वाले तीन पथों में से एक राम जन्मभूमि पथ को कल यानी रविवार को दर्शन के लिए खोल दिया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने यह जानकारी दी है। बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के साथ ही हजारों करोड़ की विकास योजनाओं पर काम चल रहा है जिससे कि रामनगरी को वैश्विक स्तर पर पहचान दी जा सके और अयोध्या को यरुशलम ओर वेटिकन सिटी की तर्ज पर पहचान मिल सके।

राम जन्मभूमि को जाने वाले 4 मार्ग बनाए जा रहे हैं जो कि राम पथ, जन्मभूमि पथ, भक्ति पथ और सुग्रीव पथ है।  इनके बन जाने के बाद आने वाले राम भक्तों को किसी भी तरह के कोई असुविधा न होगी। रविवार को जन्मभूमि पथ पर बने नवीन दर्शन मार्ग का शुभारंभ किया जाएगा। अपराह्न 1.30 बजे से एक भव्य कार्यक्रम के साथ यह दर्शन मार्ग श्रद्धालुओं के लिए खुल जाएगा।

राम पथ और भक्ति पथ का भी निर्माण तेज़ी से किया जा रहा है। राम पथ 14 किमी लंबा है, जो अयोध्या सिटी और अयोध्या धाम दोनों नगरों से होकर जाता है। इसका निर्माण पूरा करने के दिसंबर 2023 डेड लाइन तय की गई है, जबकि भक्ति पथ का निर्माण भी लगभग पूरा हो गया है।