प्रियंका गाँधी ने किया एलान, 12वीं पास छात्राओं को स्मार्टफोन और स्नातक युवतियों को दी जायेगी इलेक्ट्रानिक स्कूटी



लखनऊ - भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रीमती प्रियंका गांधी वाड्रा ने आगामी उत्तर प्रदेश विधान सभा के चुनाव में कांग्रेस पार्टी द्वारा 40 प्रतिशत महिलाओं को उम्मीदवार बनाने की घोषणा के साथ ही दूसरी घोषणा की है कि कांग्रेस की उत्तर प्रदेश में सरकार बनने पर 12वीं पास छात्राओं को स्मार्टफोन और स्नातक युवतियों को इलेक्ट्रानिक स्कूटी प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त किया जायेगा। उन्होंने साथ ही कहा कि आधी आबादी को सशक्त करने के उद्देश्य से एवं उनकी सम्मानजनक उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है  क्योंकि अगर देश प्रदेश को जाति धर्म की राजनीति से निकालकर समानता की राजनीति की ओर ले जाना है, तो महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित कर उन्हें सशक्त करना पड़ेगा।

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शुचि विश्वास ने बताया 188 देशों में महिलाओं की राजनैतिक भागीदारी में भारत 148वें नम्बर पर है, लोकसभा में महिला उपस्थिति मात्र 12 प्रतिशत और विधानसभा 19 प्रतिशत के करीब है। उनके अनुसार आजादी के इतने वर्षो बाद आधी आबादी को राजनैतिक रूप से स्थापित करने की दिशा में एक ऐतिहासिक फैसला है।