भारत ने अंतरिक्ष में रचा इतिहास, चांद पर फहराया तिरंगा



  • साउथ पोल पर उतरने वाला बना पहला देश

नई दिल्ली (डेस्क)  - चंद्रयान- 3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर की सफल लैंडिंग के साथ ही भारत का मिशन चंद्रयान-3 सफलतापूर्वक पूरा हो गया है। इसरो ने अपने सीधे प्रसारण में इसकी जानकारी दी है।

इसके साथ भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र पर उतरने वाला पहला देश बन गया। चंद्रयान-3 चंद्र मिशन की उल्लेखनीय सफलता के लिए पीएम मोदी ने इसरो (ISRO) को बधाई दी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी  लखनऊ में चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की लैंडिंग कार्यक्रम को देखा।

पीएम मोदी ने अपने सम्बोधन में कहा कि यह भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि कभी कहा जाता था चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे चंदा मामा बस एक टूर के हैं।

इस ऐतिहासिक कामयाबी के साथ ही भारत ऐसा चौथा देश बन गया है, जो चंद्रमा पर सॉफ़्ट लैंडिंग करने में कामयाब रहा है। इससे पहले, सिर्फ़ संयुक्त राज्य अमेरिका, रूस (पूर्ववर्ती USSR) तथा चीन ही चांद पर सॉफ़्ट लैंडिंग कर सके थे।