अब प्रयागराज तक चलेगी गोरखपुर- लखनऊ वंदे भारत ट्रेन



लखनऊ - रेलवे तीन वंदे भारत ट्रेनों का रूट एक्सटेंडेड करने का फैसला किया है। इनमें गोरखपुर-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस भी है। इसका अब प्रयागराज तक विस्तार किया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन ने लखनऊ से गोरखपुर के लिए चल रही वंदे भारत एक्सप्रेस का प्रयागराज जंक्शन तक विस्तार करने का निर्णय लिया है। इसकी समय सारिणी भी जारी हो गई है। अब किसी भी दिन वंदे भारत को एक्सटेंडेड रुट पर चलाए जाने का एलान किया जा सकता है। यह ट्रेन गोरखपुर से प्रयागराज के बीच अयोध्या, लखनऊ और रायबरेली के रास्ते एक दिन में करीब 950 किमी. की दूरी 16:36 घंटे में पूरी करेगी। मार्ग विस्तार के बाद भी यह ट्रेन 22549/22550 नंबर से ही संचालित होगी। रेलवे बोर्ड की सहमति के बाद पूर्वोत्तर रेलवे ने वंदे भारत को प्रयागराज तक चलाने की तैयारी शुरू कर दी है।

अब एक्सटेंडेड रुट पर यह सुबह छह बजकर पांच मिनट पर गोरखपुर से रवाना होगी और 10.20 बजे लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से यह 10.35 बजे चलेगी और 13.35 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। वापसी में यह 15.15 बजे प्रयागराज से चलेगी और शाम 18.15 बजे लखनऊ पहुंचेगी। लखनऊ से यह 18.30 बजे खुलेगी और रात 22.40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।