यूपी पुलिस ने लांच किया व्हाट्सएप चैनल



  • देश का पहला राज्य बना उत्तर प्रदेश
  • उक्त चैनल से असीमित संख्या में जोड़े जा सकते हैं सदस्य

लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जिले की पुलिस के सराहनीय कार्यों का व्यापक प्रचार तथा आपराधिक एवं कानून व्यवस्था की घटनाओं में पुलिस द्वारा कृत कार्रवाई की जानकारी अधिक से अधिक लोगों को प्रदान किए जाने के निर्देश दिए गए है। पुलिस महानिदेशक विजय कुमार के निर्देशन में यूपी पुलिस एवं समस्त जनपदों का व्हाट्सएप चैनल शुरू किया जा रहा है। पूरे देश में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा सर्वप्रथम मुख्यालय एवं समस्त जनपदों के व्हाट्सएप चैनल लांच किये गये हैं।

मैसेजिंग एप व्हाट्सएप द्वारा हाल ही में व्हाट्सएप चैनल नामक एक नया फीचर लॉन्च किया गया है। उक्त चैनल मे असीमित संख्या में सदस्यों को जोड़ा जा सकता है । जनपदीय पुलिस की विभिन्न कार्रवाई, सराहनीय कार्यों का प्रचार-प्रसार, भ्रामक खबरों का खण्डन, यातायात सम्बन्धी एडवाइजरी दिए जाने के साथ-साथ मीडिया को तथ्यात्मक जानकारी व सूचना सही समय पर संप्रेषित किए जाने में व्हाट्सएप चैनल बहुत उपयोगी होगा। व्हाट्सएप चैनल की उपयोगिता के दृष्टिगत यूपी पुलिस के नाम से मुख्यालय स्तर पर तथा समस्त 75 कमिश्नरेट व जनपद के भी व्हाट्सएप चैनल शुरू किये जा रहे है। उत्तर प्रदेश पुलिस के इन व्हाट्सएप चैनल से जनता के व्यक्ति एवं मीडिया बन्धु जुड़कर पुलिस से सम्बन्धित खबरों की जानकारी कर सकते हैं।