परिवहन निगम की बसों का एकीकृत टाइम टेबल किया जा रहा है तैयार



  • एकीकृत व्यवस्था से बसों की ओवरलैपिंग की समस्या होगी दूर- दयाशंकर सिंह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा कि समय से बसों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित कराने के लिए इंटीग्रेटेड टाइम टेबल बनाया जा रहा है। इससे मार्ग पर बसों की ओवरलैपिंग नहीं होगी तथा यात्रियों को निरन्तर बस सेवा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रायः एक ही क्षेत्र की चलने वाली बसें आपस में ओवरलैप करती है। इस नई व्यवस्था से ओवरलैप की समस्या आने वाले दिनों में समाप्त होगी, साथ ही मार्गों पर बसें निर्धारित फ्रिकेन्सी पर उपलब्ध होगी।

परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रथम चरण में एसी बसें एकीकृत की जा रही हैं। इसके पश्चात साधारण बसों की समय सारणी भी एकीकृत की जायेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यालय स्तर से ही समय सारणी अंतिम रूप से तैयार होगी। इसमें परिवर्तन करने का अधिकार मुख्यालय को ही होगा। क्षेत्रीय अधिकारियों को इसमें संशोधन करने की अनुमति मुख्यालय से लेनी होगी। उन्होंने कहा कि समय सारणी यात्रियों को अपनी यात्रा आरम्भ करने से पूर्व समय का सदुपयोग करने एवं यात्रा की योजना बनाने में सहायक साबित होगी। यात्रियों को अनावश्यक बसों के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। एकीकृत व्यवस्था लागू हो जाने से सार्वजनिक वाहनों से यात्रा करना आसान होगा। साथ ही सार्वजनिक वाहनों से यात्रा को भी बढ़ावा मिलेगा।