मोदी सरकार ने पिछले 10 साल में बनाए हैं बाबा साहब के पंच तीर्थ - मुख्यमंत्री



चंदौली/लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परम रामभक्त हैं, उन्होंने 500 वर्षों के बाद अयोध्या में रामलला को दिव्य और भव्य मंदिर में विराजमान किया है। भारतीय जनता पार्टी ने साफ-साफ कह दिया है कि भारत में सिर्फ बाबा साहब का ही संविधान चलेगा। जनता अच्छी तरह से जानती है कि मोदी सरकार ने ही बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का सम्मान किया है। मोदी सरकार ने पिछले 10 वर्षों में बाबा साहब के पंच तीर्थ बनाए हैं। ये बातें मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मुगलसराय में चंदौली लोकसभा क्षेत्र के लिए जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री और लोकसभा प्रत्याशी डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय के पक्ष में वोट की अपील की। मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज चंदौली विकास के नये कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज सबसे अधिक वाटर वे का लाभ चंदौली वासियों को ही मिल रहा है। वहीं विरासत का सम्मान भी हो रहा है। यहां पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर बना स्मारक इसका जीता जागता उदाहरण है। काशी में काशी विश्वनाथ धाम के साथ ही भगवान मारकंडेय धाम का सौंदर्यीकरण सभी को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। चंदौली में बाबा कीनाराम के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार है। यहां की सड़कें फोर लोन की बन रही हैं। यहां पर फ्लाईओवर और पुल का जाल बिछाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि चंदौली कृषि बाहुल्य क्षेत्र है। ऐसे में यहां सिंचाई के लिए किसानों को नई-नई सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ भी सबसे अधिक चंदौली को ही दिया गया है। श्रमिकों, गरीबों के अनाथ और निराश्रित बच्चों को अटल आवासीय विद्यालय में हाईटेक टेक्नोलॉजी से शिक्षा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश में एक भी आतंकी वारदात नहीं हुई है। पिछले 10 वर्षों में हमने बदलते हुए भारत को देखा है। हम एक नये भारत का दर्शन कर रहे हैं, जिसमें दुनिया में सम्मान बढ़ा है, सीमाएं सुरक्षित हुई हैं, आतंकवाद-नक्सलवाद पर प्रभावी अंकुश लगा है। भाजपा धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होने देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया के अंदर भारत का सम्मान बड़ा है। अब कोई घुसपैठ नहीं करता है। उस दौरान सुबह उठने पर समाचार पत्र में भ्रष्टाचार के घोटाले की खबर और शाम होते-होते बड़ी आतंक की वारदात की खबर देखने को मिलती थी।  इस अवसर पर राज्यसभा की सांसद दर्शना सिंह, साधना सिंह, प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, विधायक सुशील सिंह, रमेश जायसवाल, कैलाश, त्रिभुवन राम, लोकसभा प्रभारी ओमकार केशरी, संयोजक सर्वेश कुशवाहा आदि उपस्थित थे।