महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला, गाय को दिया 'राज्यमाता' का दर्जा



मुंबई(डेस्क) - महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले एकनाथ शिंदे सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने गाय को राज्यमाता का दर्जा दे दिया है। सरकार ने इसको लेकर घोषणा की है। बता दें कि सोमवार को कैबिनेट बैठक में सरकार ने ये फैसला लिया है।

आज इसकी घोषणा करते हुए डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि स्वदेशी गाय को भारतीय संस्कृति में वैदिक काल से ही महत्वपूर्ण स्थान हासिल है। इसका महत्व न केवल धार्मिक है, बल्कि चिकित्सा और कृषि में भी इसके कई फायदे देखने को मिले हैं।गाय का दूध अपने उच्च पोषण मूल्य के कारण मानव आहार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। हमने यह भी तय किया है कि गोशालाओं में गायों के संरक्षण की व्यवस्था की जाए। इसके लिए सरकार हरसंभव प्रयास करेगी।

इसके अलावा मिली जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक में सोमवार (30 सितंबर) देसी गायों के पालन-पोषण के लिए 50 रुपये प्रतिदिन की सब्सिडी योजना लागू करने का निर्णय लिया गया, क्योंकि गोशालाएं अपनी कम आय के कारण इसे वहन नहीं कर सकती थीं, इसलिए उन्हें मज़बूत करने का निर्णय लिया गया है।