करें थोड़ा जतन, न बढ़े आपका वजन



लखनऊ, 22 अप्रैल 2020 - हम लगभग 1 महीने से लॉक डाउन में रह रहे हैं | हमारी दिनचर्या बदल गयी है | हमारी शारीरिक गतिविधियाँ भी सीमित हो गयी हैं | घर पर रहकर हम तला भुना व चटपटा खा रहे हैं जिससे हमें यह डर लगा रहता है कि लॉक डाउन के दौरान  कहीं हमारा वजन ना बढ़ जाए जो कि अन्य बीमारियों का कारण बन जाए | इस सम्बन्ध में  किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की पोषण विशेषज्ञ डा. सुनीता सक्सेना बताती हैं कि यह तो सच है कि घर पर हमारी शारीरिक गतिविधियाँ बहुत सीमित हैं लेकिन हमें घबराने की जरूरत नहीं है | हम योगा, व्यायाम, अपनी छतों या लॉन में ही टहलकर, मेडिटेशन कर सकते हैं एक तो इससे तनाव भी कम होता है साथ में वजन नियंत्रण में भी यह सहायक है |

डॉ. सुनीता बताती हैं- सबसे पहले यह आवश्यक है कि हम अपनी दिनचर्या नियमित करें | ऐसा न हो कि हम घर पर हैं तो न हमारे खाने का समय निश्चित है और न ही सोने व जागने का | हमें सुबह का नाश्ता 8 से साढ़े आठ बजे तक कर लेना चाहिए व रात का खाना सोने से कम से कम 3 घंटे पहले करना चाहिए | 2 मील के बीच कम से से कम 2 से 3 घंटे का अंतर रखना चाहिए |  गर्मी का मौसम आ गया है इसलिए पानी का अधिक से अधिक सेवन करें | नीम्बू पानी व रसीले  फलों को अपने भोजन में शामिल करें | शरीर में पानी की कमी न होने दें | भोजन में इम्युनिटी बढ़ाने वाले खाद्य पदार्थों को शामिल करें | अपने खान खान पान को नियंत्रित करें | सप्ताह में एक दिन नियत कर लें कि इस दिन आप परहेज नहीं करेंगे या अपना मनपसंद भोजन करेंगे |

डा. सक्सेना बताती हैं कि इस समय हमें प्रतिदिन 1800 से 1900 कैलोरी की आवश्यकता है क्योंकि हमारी गतिविधियाँ बहुत अधिक मेहनत वाली नहीं हैं | यदि हम अपनी ऊर्जा की खपत नहीं करेंगे तो हमारा वजन बढ़ना लाजमी है | इसलिए हमें कुछ न कुछ काम करते रहना चाहिए ताकि हमारी ऊर्जा की खपत हो | हमारे घर पर भी बहुत से ऐसे काम हैं जिन्हें कर हम अपनी ऊर्जा की खपत कर सकते हैं  और हमारा वजन भी नियंत्रित रहेगा | जैसे यदि आप हाथ से कपड़े धोते हैं और उन्हें तह कर रखते  हैं तो आप 1 घंटे में 148  कैलोरी बर्न कर सकते हैं | इसी तरह आप हाथों से बर्तन साफ़ कर 128 कैलोरी बर्न कर सकते हैं | आप कपड़े प्रेस करते हैं तो आपकी 80 कैलोरी बर्न होती है | घर में झाड़ू लगाने में लगभग 156 कैलोरी, पोछा लगाने में 170 कैलोरी व बिस्तर लगाने में आपकी 70 कैलोरी खर्च होती है | यह रोजमर्रा के काम हैं जो कि देखने में छोटे लगते हैं लेकिन व्यक्ति को स्वस्थ रखने में इनका योगदान होता है | कार धोने में 314, डस्टिंग करने में 166 कैलोरी बर्न होती है |
डा. सुनीता का कहना है इन कामों को करने से एक तो आपका समय भी उपयोग होगा, आप व्यस्त रहेंगे , बोर नहीं होंगे साथ ही आप स्वस्थ भी रहेंगे |