आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर बाँट रही पोषाहार



लखनऊ, 29 अप्रैल-2020 - राजा खेड़ा, पूर्वा, हमिरापुर सहित महिलाबाद ब्लॉक के विभिन्न केन्द्रों के तहत गर्भवती, धात्री और 6 माह से 6 वर्ष तक बच्चों को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में  घर-घर पोषाहार वितरित किया जा रहा है | यह जानकारी बाल विकास परियोजना अधिकारी निरूपमा ने दी | उन्होंने बताया - पोषाहार वितरण के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता लोगों को बार –   बार 20 सेकेण्ड तक हाथ धोने, एक दूसरे से 1 मीटर की दूरी बनाये रखने, बेवजह  घर से बाहर न निकलने की सलाह दे रही हैं | इसके अलावा वह लोगों को बता रही हैं कि घर से बाहर निकलने के समय मास्क अवश्य लगायें | वह गाँव में बाहर से आये लोगों की जानकारी भी उपलब्ध करा रही हैं | निरुपमा ने बताया- गृह भ्रमण के दौरान कार्यकर्ता लोगों को हाथ कैसे धोएं, इस बारे में भी जागरूक कर रही हैं |

जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेन्द्र दुबे ने बताया- जिले में 10 बाल विकास परियोजनाओं के 2716 आंगनवाड़ी केन्द्रों के तहत विभिन्न ब्लॉक्स में घर-घर पोषाहार पहुंचाने के लिए रोस्टर तैयार किया गया है | जिसके माध्यम से पोषाहार का वितरण किया जा रहा है | श्री दुबे ने बताया- कोरोना संक्रमण के कारण इस समय आंगनवाड़ी केंद्र की गतिविधियाँ बंद है लेकिन लाभार्थियों को पौष्टिक आहार मिलता रहे इसलिए शासन द्वारा उन्हें घर में जाकर पोषाहार का वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं | सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए आंगनवाड़ी घर –घर पोषाहार वितरित कर रही हैं | वह पोषाहार प्राप्तकर्ता से रजिस्टर पर हस्ताक्षर भी करवा रही हैं |  श्री दुबे ने बताया पोषाहार संसद, विधायक, चेयरमैन, पार्षद, सभासद और प्रधान की उपस्थिति में वितरित किया जा रहा है |