नई दिल्ली(डेस्क) - हरियाणा के पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला का निधन हो गया है । 89 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली।
उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी, तीन-चार साल से मेदांता में ही इलाज चल रहा था। मिली जानकारी के अनुसार इनेलो सुप्रीमो को सुबह 11.30 बजे अस्पताल लाया गया था। चौटाला के निधन से हरियाणा और देश की राजनीति में शोक की लहर है। ओम प्रकाश चौटाला सात बार के विधायक, पांच बार के सीएम रहे चुके हैं।
मेदांता प्रशासन ने उनके निधन की पुष्टि की है। कल सुबह 8 से 2 बजे तक तेजा खेड़ा फार्म पर उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। दोपहर 3 बजे उनको मुखाग्नि दी जाएगी। ओम प्रकाश चौटाला का जन्म 1 जनवरी 1935 को हरियाणा के सिरसा जिले के चौटाला गांव में हुआ था। चौटाला हरियाणा के 7वें मुख्यमंत्री बने थे। उनके पिता चौधरी देवीलाल चौटाला ने हरियाणा राज्य की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और बाद में देवीलाल हरियाणा के मुख्यमंत्री और भारत के उप प्रधानमंत्री भी रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा है कि हरियाणा की राजनीति में ओमप्रकाश चौटाला का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
ओमप्रकाश चौटाला के दो बेटे हैं, अजय और अभय चौटाला। अजय और अभय चौटाला के दो-दो बेटे हैं। अजय चौटाला के बेटों का नामा दुष्यंत और दिग्विजय चौटाला है। दोनों ही राजनीति में हैं। वहीं, अभय चौटाला के बेटों का नाम कर्ण और अर्जुन चौटाला है। ये दोनों भी राजनीति में हैं।