- समारोह में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो थे भारत के मुख्य अतिथि
नई दिल्ली(डेस्क) - 76वें गणतंत्र दिवस पर कर्त्तव्य पथ पर आज भव्य परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड में कई राज्यों और मंत्रालयों की झांकियां दिखीं। परेड में भारत की उपलब्धियों और प्रगति का प्रदर्शन किया गया।
गणतंत्र दिवस परेड के दौरान कर्तव्य पथ पर तीनों सेनाओं- थलसेना, वायुसेना, नौसेना की झांकी में सशस्त्र बलों के बीच तालमेल बढ़ाने पर भारत के विशेष जोर का प्रदर्शन किया गया। गणतंत्र दिवस पर कर्तव्य पथ पर निकाली गई परेड में सेना के जवानों ने हैरत अंगेज करतब दिखाए। सेना की सिग्नल कोर बाइक राइडर डिस्प्ले टीम डेयरडेविल्स ने अलग-अलग अंदाज में अपने कारनामे दिखाए और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सलामी दी।
कार्यक्रम की शुरुआत पीएम मोदी द्वारा राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद पीएम कर्तव्य पथ पहुंचे। पीएम के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और भारत के मेहमान इंदोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांटो बग्गी में सवार होकर कर्तव्य पथ पहुंचे।
परेड की शुरुआत से पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कर्तव्य पथ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद 105-एमएम लाइट फील्ड गन, एक स्वदेशी हथियार प्रणाली का उपयोग करके 21 तोपों की सलामी के साथ राष्ट्रगान गाया गया।
गणतंत्र दिवस परेड के जरिए भारत ने अपनी विविध शक्तियों और अपनी संस्कृति को प्रदर्शित किया। परेड में 16 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की झाकियों को मिलकर कुल 31 झाकियां थीं।