महाकुम्भ : वसंत पंचमी पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, आस्था का उमड़ा जनसैलाब



महाकुम्भनगर / लखनऊ -  वसंत पंचमी पर गंगा, यमुना और सरस्वती के अदृश्य संगम में साधु-संतों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगनी शुरू कर दी है। महाकुंभ के तीसरे अमृत स्नान पर नागा संन्यासियों के साथ देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालु भी साक्षी बने। हर-हर गंगे, बम बम भोले और जय श्री राम के गगनभेदी उद्घोष से महाकुंभ क्षेत्र गूंज उठा है। महाकुंभ के तीसरे और आखिरी अमृत स्नान पर्व पर अखाड़ों ने संगम में डुबकी लगाई। भोर में साढ़े चार बजे सबसे पहले महानिर्वाणी के संतों ने त्रिवेणी में स्नान किया। इसके बाद पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी और फिर श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े ने अमृत स्नान किया। जूना अखाड़े में नागाओं की भारी फौज रही। जूना अखाड़े में किन्नर अखाड़ा भी शामिल रहा।

त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान कर रहे श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई। संगम तट पर फूल-मालाओं से लदे संतों पर उत्साहित श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। जिससे पूरे महाकुंभ का माहौल और भव्य बन गया। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह 8 बजे तक 62.25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया। 2 फरवरी तक 34.97 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं। सीएम योगी के विशेष निर्देश पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। महाकुंभ मेला क्षेत्र में डीआईजी और एसएसपी खुद मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

यातायात पूरी तरह सुचारु रहा और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। स्नान के बाद श्रद्धालु दान-पुण्य करते भी दिखे।