नई दिल्ली(डेस्क) - डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल एंड ट्रेनिंग ने मंत्रालय में कई अधिकारियों के कामों में फेरबदल किया है। इसी संदर्भ में, भारतीय विदेश सेवा (IFS) की अधिकारी निधि तिवारी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का निजी सचिव नियुक्त किया गया है। यह जानकारी DoPT द्वारा जारी एक आदेश में दी गई है। इससे पहले वह प्रधानमंत्री कार्यालय में ही उप सचिव के पद पर काम कर रही थीं। इस पद पर उनकी नियुक्ति नवंबर 2022 में हुई थी।
बतौर निजी सचिव, निधि तिवारी अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोजमर्रा के प्रशासनिक कार्य संभालेंगी। पीएम की बैठकें, विदेशी दौरों की तैयारी और नीतिगत निर्णयों के समन्वय में अहम भूमिका निभाएंगी।
कौन हैं निधि तिवारी?
2014 बैच की भारतीय विदेश सेवा अधिकारी निधि तिवारी 2022 में अवर सचिव के रूप में शामिल होने के बाद 6 जनवरी 2023 से प्रधान मंत्री कार्यालय में उप सचिव के रूप में कार्यरत हैं। तिवारी वाराणसी के महमूरगंज से हैं, जो 2014 से प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का लोकसभा क्षेत्र रहा है। उन्होंने 2013 में सिविल सेवा परीक्षा में 96वीं रैंक हासिल की थी। UPSC पास करने से पहले, उन्होंने परीक्षा की तैयारी करते हुए वाराणसी में सहायक आयुक्त (वाणिज्यिक कर) के रूप में काम किया है।