हेमंत होंगे जेएमएम के अध्यक्ष, शिबू सोरेन बनेंगे संस्थापक संरक्षक



रांची(डेस्क) - झारखंड मुक्ति मोर्चा के 13वें राष्ट्रीय महाधिवेशन में पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अब पार्टी का नया अध्यक्ष बना दिया गया है। वहीं, झामुमो के संस्थापक और वरिष्ठ नेता दिशोम गुरू शिबू सोरेन को पार्टी का संरक्षक बनाया गया है।

.बता दें कि 38 साल के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा का अध्यक्ष बदला गया है और शिबू सोरेन की जगह यह पद हेमंत सोरेन को दिया गया है। हेमंत सोरेन को पार्टी में केंद्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। इस निर्णय को झारखंड की राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। अब पार्टी की पूरी कमान सीएम हेमंत सोरेन के हाथों में होगी। इससे पहले शिबू सोरेन 1987 में पहली बार जेएमएम के अध्यक्ष बने थे और वो लगातार पार्टी सुप्रीमो के पद को संभाल रहे थे।

1972 में जेएमएम के गठन के बाद विनोद बिहारी महतो पार्टी के पहले अध्यक्ष बने। 1973 से 1984 तक विनोद बिहारी महतो ही अध्यक्ष रहे। बाद में 1984 में राजनीतिक परिस्थितियां बदली, तो शिबू सोरेन ने निर्मल महतो को अध्यक्ष बनाया। 1987 में शिबू सोरेन ने पार्टी की कमान संभाली और करीब 38 वर्षों तक पार्टी के अध्यक्ष रहे।