ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला के साथ एक्सिओम-4 मिशन लॉन्च, 4 दशकों अंतरिक्ष जाने वाले पहले भारतीय



भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को अंतरिक्ष में ले जाने वाला एक्सिओम-4 मिशन आज अमरीका के फ्लोरिडा में कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया। अभियान में शामिल चार अंतरिक्ष यात्री फाल्कन 9 रॉकेट पर सवार होकर स्पेसएक्स ड्रैगन अंतरिक्ष यान से अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक जाएंगे। इस अभियान का नेतृत्व अमरीका की कमांडर पैगी व्हिटसन कर रही हैं। इसमें भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला मिशन पायलट और हंगरी के अंतरिक्ष यात्री टिबोर कापू तथा पोलिश अंतरिक्ष यात्री स्लावोज़ उज़्नान्स्की-विस्नीव्स्की मिशन विशेषज्ञ हैं।

कैप्टन शुक्ला अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं। उनसे पहले वर्ष 1984 में विंग कमांडर राकेश शर्मा ने सोवियत मिशन के हिस्से के रूप में अंतरिक्ष की यात्रा की थी।

पीएम मोदी ने दी शुभाकामनाएं : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष में उड़ान पर सोशल मीडिया के एक्स  प्लेटफॉर्म पर जानकारी साझा करते हुये लिखा- 'हम भारत, हंगरी, पोलैंड और अमेरिका के अंतरिक्ष यात्रियों को ले जाने वाले अंतरिक्ष मिशन के सफल प्रक्षेपण का स्वागत करते हैं।’

प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा- भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले भारतीय बनने की राह पर हैं। वह 1.4 अरब भारतीयों की इच्छाओं, आशाओं और आकांक्षाओं को अपने साथ लेकर चल रहे हैं। उन्हें और अन्य अंतरिक्ष यात्रियों को सफलता की शुभकामनाएँ!'

इस बीच, ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने अंतरिक्ष से एक संदेश भेजा है जिसमें कहा गया है कि यह एक अद्भुत यात्रा है। उन्होंने कहा कि हम 41 साल बाद एक बार फिर अंतरिक्ष में वापस आ गए हैं और साढ़े सात किलोमीटर प्रति सेकंड की गति से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि "तिरंगा गर्व से मेरे कंधे पर है, मैं आपकी उपस्थिति को अपने साथ महसूस कर रहा हूं। यह मिशन केवल अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा नहीं है-यह भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत है। मैं आप सभी को इसका हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करता हूँ। अपने दिलों को गर्व से भर दें। जय हिंद! जय भारत!"