लखनऊ(डेस्क) - मशहूर अभिनेत्री बी सरोजा देवी का सोमवार को बेंगलुरु में उनके आवास पर निधन हो गया। वह 87 वर्ष की थीं। प्राप्त जानकारी के अनुसार वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं और उन्होंने अपने परिवार के बीच अपने आवास पर अंतिम सांस ली।
भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें 1969 में पद्मश्री और 1992 में पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। इसके अलावा उन्हें बैंगलोर विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की मानद उपाधि और तमिलनाडु सरकार से कलैमामणि पुरस्कार भी प्राप्त हुआ था। उन्होंने अपने 7 दशक के लंबे करियर में कन्नड़, तमिल, तेलुगु और हिंदी भाषाओं में 200 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था। सरोजा देवी ने हिंदी सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाई और 'पैगाम', 'ओपेरा हाउस', 'ससुराल' और 'प्यार किया तो डरना क्या' जैसी फिल्मों में नजर आईं।