कोरोना महामारी में अब सहयोग देंगे कोरोना वॉलंटियर्स



लखनऊ, 11 जून 2020 - कोरोना महामारी से लड़ाई के लिए सरकार ने कोविड वॉलंटियर्स  (स्वयं सेवकों)  का सहयोग लेने की तैयारी की है |  इस समबन्ध में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकिसा अधिकारियों को पत्र जारी किया है |

पत्र के अनुसार-  स्वयंसेवकों के सहयोग और पर्यवेक्षण के लिए जिला प्रशासन द्वारा 6 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है | जिसके अध्यक्ष स्वयं जिलाधिकारी होंगे | राष्ट्रीय सेवा योजना, नेहरु युवा केंद्र संगठन, राष्ट्रीय केडेट कोर, युवक/ महिला मंगल दल, रेडक्रॉस या अन्य संस्थाओं के सदस्य जो स्नातक/परास्नातक हों व जिनकी आयु 21 से 30 वर्ष हो तथा जो चिकित्सीय रूप से स्वस्थ हों, कोविड वालंटियर्स के रूप में काम कर सकते हैं |

इस कार्य के लिए कोई भी मानदेय नहीं दिया जायेगा | शुरू में इनके स्वैच्छिक कार्य का समय 3 माह का होगा जिसे बाद में राज्य में कोविड-19 की स्थिति के अनुसार बढ़ाया भी जा सकता है  | सेवा अवधि पूरी होने के बाद स्वयसेवकों को प्रमाण पत्र भी  दिया जायेगा | स्वयंसेवक समिति में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी , अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) , मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा नामित अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा स्वयं सेवकों के जनपद स्तरीय स्वयंसेवकों को जिलाधिकारी अपने विवेक से सदस्य के रूप में नामित कर सकते हैं |   
पत्र के अनुसार- इनका मुख्य योगदान कोरोना से बचाव एवं राहत कार्य में होगा | निगरानी समिति के सहयोग के अलावा यह लोग प्रचार प्रसार में भी मदद करेंगे | जिन होम क्वेरेंटाइन परिवारों के घरों में आशा द्वारा फ्लायर नहीं लगाया गया होगा वहां फ्लायर लगवाना भी सुनिश्चित करवाएंगे | कोरोना के संभावित मरीजों के बारे में यह सूचना  भी उपलब्ध करायेंगे |

पत्र में कहा गया है कि इन वॉलंटियर्स के पास खुद का एंड्राइड अथवा स्मार्ट फोन होना चाहिए | इनका सम्प्रेषण कौशल भी अच्छा होना चाहिए | इन स्वयं सेवकों के प्रशिक्षण की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाएगी और गतिविधियों की रिपोर्टिंग के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक टूल /एप्लीकेशन उपलब्ध कराया जायेगा | स्वयं सेवक बनने के लिए “dgmhup.gov.in/en/volunteerRgistration” पर पंजीकरण कर सकते हैं |