मथुरा / नई दिल्ली(डेस्क) : आज पूरा देश "श्रीकृष्ण जन्माष्टमी" के धूम में है। मथुरा में भी आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यशोदानंदन की जन्मभूमि मथुरा पहुंचे जहां पर उन्होंने श्रीकृष्ण और राधा रानी का दर्शन-पूजन किया। साथ ही, 645 करोड़ लागत की विभिन्न जन-कल्याणकारी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि भगवान श्रीकृष्ण के 5,252वें जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आज मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि में भगवान केशव एवं श्री राधा रानी के दिव्य स्वरूप के दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। ब्रजभूमि के रज-रज में श्रीकृष्ण की भक्ति और श्री राधा रानी की शक्ति के दर्शन हम सभी को होते हैं। श्रीवृषभानुदुलारी एवं यशोदानंदन की कृपा सभी पर सदैव बनी रहे।
इस मौके पर योगी आदित्यनाथ ने विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और बच्चों को क्षीरपान और साधु-संतों को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि मथुरा-वृन्दावन के सर्वांगीण विकास को समर्पित 645 करोड़ लागत की विभिन्न जन-कल्याणकारी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। इस अवसर पर पूज्य साधु-संतों एवं धर्माचार्यों के सम्मान का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ। भगवान श्रीकृष्ण की कर्म की प्रेरणा ही हम सभी की शक्ति है।