इस वर्ष 3 अक्टूबर को विकसित कृषि संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा : शिवराज सिंह चौहान



नई दिल्ली (नेशनल डेस्क) - केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि इस वर्ष 3 अक्टूबर को विकसित कृषि संकल्प अभियान शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों और कृषि वैज्ञानिकों के बीच सीधे संवाद को बढ़ावा देना है और यह 18 अक्टूबर तक चलेगा।

लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए, श्री चौहान ने कहा कि इस अभियान के दौरान हजारों वैज्ञानिक और कृषि विभाग के अधिकारी गाँवों का दौरा करेंगे और किसानों से बातचीत करके उन्हें खाद्य उत्पादन बढ़ाने की नई तकनीकों से अवगत कराएँगे। उन्होंने कहा कि सरकार वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने और सतत कृषि विकास को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्‍होंने बताया कि इस वर्ष मई में पिछले अभियान के दौरान एक करोड़ 33 लाख से अधिक किसानों के साथ संवाद किया गया था।