कोरोना उपचार में अहम भूमिका निभा रहे मोबाइल एप



  • उपचार के साथ एप से मिल रहीं स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां

लखनऊ,  2  सितम्बर 2020 - राज्य सरकार ने ऐसे कोविड उपचाराधीन मरीज जो होम आइसोलेशन में हैं उनके लिए कई मोबाइल एप लॉन्च किये हैं जो उपचार के साथ-साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी उपचाराधीन मरीजों की मदद कर रहे हैं |

कोरोना की ट्रैकिंग, उपचार और जागरूकता के लिए आधुनिक तकनीक  का इस्तेमाल किया जा रहा है | इसके साथ ही इन एप  के माध्यम से मॉनिटरिंग भी की जा रही है | होम आइसोलेशन शुरू होने के बाद उपचाराधीन मरीजों को इलाज में मदद के लिए भी शासन ने  एप लॉन्च किया है और इसे गाइड लाइन में भी शामिल कर लिया है | यह एप हैं होम आइसोलेशन एप और आयुष कवच एप जिसे होम आइसोलेशन में रहने वाले व्यक्ति को अपने मोबाइल में आरोय सेतु एप के साथ डाउनलोड करना जरूरी है |

होम आइसोलेशन एप : यह एप उत्तर प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य  एवं चिकित्सा विभाग की ओर से लॉन्च किया गया है | इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है | इसमें कोरोना उपचाराधीन मरीज को अपना पंजीकरण कराना होता है | पंजीकरण के दौरान  अपने मोबाइल नम्बर से वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) देना होता है | इसके साथ ही  पूरा पता दर्ज करना होता है | पंजीकरण से पहले यदि आप कोरोना से बचाव और सावधानियों के बारे में जानकारी चाहते हैं तो ले सकते हैं | पंजीकरण के बाद इस एप में हर 2-3 घंटे में उपचाराधीन की ऑक्सीजन लेवल की जानकारी फीड करनी होती है , जिससे स्टेट कण्ट्रोल रूम में उपचाराधीन की स्थिति की निगरानी हो सके | इसके साथ ही इस एप को डाउनलोड करने के बाद कण्ट्रोल रूम में उपचाराधीन की गतिविधियों की भी खबर रहती है | इस एप के माध्यम से उपचाराधीन को कोरोना  के लक्षण नहीं हैं या हल्के लक्षण हैं उसके हिसाब से दवा के शेड्यूल को लेकर भी अपडेट मिलता रहता है |

आयुष कवच एप : यह उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष विभाग की तरफ से लांच किया गया है | यह उपचाराधीन मरीजों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में मदद करता है | इस एप के माध्यम से योग से जुडे टिप्स भी मिलते हैं | साथ ही शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए घरेलू नुस्खों  की जानकारी भी मिलती है | एप में अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों के लिए अलग-अलग लाइव योग सेशन की भी सुविधा है | साथ  ही कोरोना से बचाव के लिए खास एवं सामान्य तरीकों की भी जानकारी मिलती है |