नई दिल्ली(डेस्क) - मोरक्को के रक्षा मंत्री अब्देलतीफ लौदियी के निमंत्रण पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मोरक्को की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। रक्षा मंत्री का मोहम्मद पंचम अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कैसाब्लांका सैन्य कमान के प्रमुख वली और मोरक्को में भारतीय राजदूत संजय राणा ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान रक्षा मंत्री ने मोरक्को में मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात की और एक कार्यक्रम में उन्हें संबोधित किया। रक्षा मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का कद बढ़ा है और अब भारत की बातों को गंभीरता से लिया जाता है। उन्होंने कहा कि मुझे यह जानकर खुशी हो रही है कि आप अंतर्राष्ट्रीय समुदाय के समक्ष भारत के बढ़ते कद को महसूस कर सकते हैं। पहले, जब भारत किसी अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बोलता था, तो उसे उतनी गंभीरता से नहीं लिया जाता था, जितनी लेनी चाहिए थी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज, जब भारत किसी अंतर्राष्ट्रीय मंच पर बोलता है, तो पूरी दुनिया उस पर ध्यान देती है और उसे सुनती है, पहले ऐसी स्थिति नहीं थी। तमाम भू-राजनीतिक और वैश्विक चुनौतियों के बावजूद, भारत सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक है।