केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने केन्द्रीय कर्मचारियों के मंहगाई भत्ते को 3 प्रतिशत बढ़ाने को दी मंजूरी



नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आज हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में कई अहम प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में केंद्र सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते और पेंशन भोगियों के लिए महंगाई राहत में तीन प्रतिशत बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इससे केंद्र सरकार के लगभग 49 लाख बीस हजार कर्मचारियों और 68 लाख 70 हजार पेंशन भोगियों को लाभ होगा। यह बढ़ोत्तरी इस वर्ष पहली जुलाई से प्रभावी होगी। महंगाई भत्ते में वृद्धि से केंद्रीय कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। 

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश भर में 57 नए केंद्रीय विद्यालय खोलने को और दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन को भी मंज़ूरी दे दी है। घरेलू उत्पादन को बढ़ावा देने और दलहन में आत्मनिर्भरता हासिल करने के उद्देश्य से यह एक ऐतिहासिक पहल है। इसके साथ ही विपणन सत्र 2026-27 के लिए सभी अनिवार्य रबी फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि को भी कैबिनेट ने स्वीकृति दी है। कैबिनेट के इस निर्णय से किसानों में खुशी का माहौल है। 

वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज केन्द्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में लिये गये फैसलों के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया।