पद्म विभूषण शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र का निधन, देश ने खोया संगीत का अमूल्य रत्न



नई दिल्ली(डेस्क) - लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

श्री बिरला ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि पद्म विभूषण से सम्मानित पंडित छन्नूलाल मिश्र भारतीय शास्त्रीय संगीत की एक सशक्त अभिव्यक्ति थे। उनके अद्वितीय गायन और भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने संगीत प्रेमियों के दिलों में विशेष स्थान बनाया। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि किराना और बनारस घराने के इस शास्त्रीय गायक का निधन भारतीय शास्त्रीय संगीत के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिवार, शिष्यों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बनारस घराने के इस उस्ताद ने भारतीय संगीत और संस्कृति को समृद्ध बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। श्री राधाकृष्णन ने गायक के परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।