- प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार विधानसभा चुनाव के जनादेश की दी बधाई
पटना/नई दिल्ली - बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जबरदस्त सुनामी देखी गई। सत्ता पक्ष के दिग्गज नेताओं ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि विपक्षी महागठबंधन के बड़े चेहरे प्रभाव नहीं दिखा सके। जनता ने मुकाबले को एकतरफा बना दिया और एनडीए के पक्ष में स्पष्ट लहर दिखाई दी।
हॉट सीटों पर भी एनडीए का दबदबा रहा : तारापुर से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विजयी रहे तो वहीं लखीसराय से उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा को सफलता मिली। सीवान से स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय जीते और बांकीपुर से पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बड़ी जीत दर्ज की। अलीनगर से लोक गायिका मैथिली ठाकुर ने जीत के साथ राजनीति में कदम रखा। वहीं इसके अलावा दरभंगा से मंत्री संजय सरावगी विजयी रहे। दानापुर से पूर्व केंद्रीय मंत्री राम कृपाल यादव ने जीत दर्ज की। बक्सर से पूर्व आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा भाजपा के टिकट पर जीते। मोकामा में जदयू के चार बार के विधायक अनंत कुमार सिंह ने फिर बाजी मारी। चर्चित सीट राघोपुर से पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव विजयी रहे।
वहीं कई दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। छपरा से भोजपुरी फिल्म अभिनेता खेसारी लाल यादव को हार मिली। महुआ से पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव भी चुनाव हार गए।
अन्य प्रमुख विजेताओं में बेतिया से भाजपा की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी, कटिहार से भाजपा के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, जमुई से अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और विधायक श्रेयसी सिंह, धमदाहा से मंत्री लेसी सिंह, झंझारपुर से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्रा के पुत्र नीतीश मिश्रा शामिल हैं।
बिहार चुनाव में इस बार मतदान भी ऐतिहासिक रहा। राज्य में 1951 के बाद सबसे अधिक 67.13% मतदान दर्ज किया गया, जो पिछले चुनाव से 9.6% अधिक है। इसमें पुरुषों की भागीदारी 62.98%, जबकि महिलाओं की भागीदारी 71.78% रही।
नई दिल्ली में आज शाम भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह बिहार की महिलाओं की जीत है, जिन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के जंगल राज का प्रकोप झेला है। उन्होंने रिकॉर्ड संख्या में मतदान के लिए लोकतंत्र और निर्वाचन आयोग में भरोसा रखने के लिए लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने इसे लोकतंत्र की जीत बताया।
इस बीच भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि बिहार की जनता ने जंगल राज के स्थान पर विकास का चुनाव किया है। उन्होंने बताया कि यह मजबूत जनादेश एक ऐसी लहर है जिसने हर संदेह को धो दिया है और यह स्पष्ट कर दिया है कि लोगों का प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्वास कायम है। श्री नड्डा ने कहा कि यह जनादेश बिहार के सुशासन के लिए स्वीकृति की एक मुहर है।