सिविल डिफेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का सफल समापन, सिटी मजिस्ट्रेट ज्ञानचन्द्र गुप्ता रहे मुख्य अतिथि



लखनऊ। सिविल डिफेंस द्वारा संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे बैच का समापन आज सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिटी मजिस्ट्रेट लखनऊ ज्ञानचन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उनका स्वागत चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्र ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया। लगभग एक सप्ताह तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रमुख गतिविधियों और प्रदर्शन का अवलोकन मुख्य अतिथि द्वारा एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया गया। 

इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों को आपदा, दुर्घटना और संकट की परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए सशक्त बनाना था। समारोह को संबोधित करते हुए चीफ वार्डन अमरनाथ मिश्र ने बताया कि सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक प्रथम रिस्पॉन्डर की भूमिका निभाते हैं और कई बार बिना किसी उपकरण के भी राहत एवं बचाव कार्य को अंजाम देते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा या दुर्घटना के दौरान सबसे महत्वपूर्ण है घटनास्थल का सही मूल्यांकन, परिस्थिति को समझना, राहत पहुंचाने का तरीका तय करना और तत्काल 112 हेल्पलाइन पर सटीक सूचना देना। उन्होंने आपदा प्रबंधन, फायर सेफ्टी और प्राथमिक उपचार की महत्ता पर भी विस्तार से जानकारी दी।

मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट ज्ञानचन्द्र गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि कोविड अवधि के दौरान सिविल डिफेंस द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों को उन्होंने स्वयं निकट से देखा है। हाल ही में संपन्न परीक्षाओं के दौरान परीक्षार्थियों को आई कठिनाइयों में सिविल डिफेंस टीम ने तत्काल सहायता प्रदान कर सराहनीय योगदान दिया। उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक लगातार राहत एवं बचाव के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं, जो राष्ट्र के प्रति उनकी सच्ची निष्ठा को दर्शाता है। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।  

कार्यक्रम में उप नियंत्रक रवींद्र कुमार, ऋतुराज रस्तोगी, डी-डब्ल्यू नफीस, संजय, जौहर, डी-डी-डब्ल्यू ऐश्वर्या, रामगोपाल, अयाज, संतोष, एडीसी मनोज वर्मा, ऋषि, मुकेश, ममता, रेखा सहित कई अधिकारी और स्वयंसेवक मुख्य रूप से उपस्थित रहे।