'परीक्षा पे चर्चा' विभिन्न आयु वर्ग के करोड़ों छात्रों को प्रेरित करती है: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान



नई दिल्ली(डेस्क) - शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि 'परीक्षा पे चर्चा' विभिन्न आयु वर्ग के करोड़ों छात्रों को प्रेरित करती है। नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में श्री प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संवाद से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है, उन्हें अपने विचार साझा करने के लिए प्रोत्साहन मिलता है और इससे छात्रों को सर्वांगीण विकास की ओर मार्गदर्शन मिलता है। इसे एक अनूठी पहल बताते हुए उन्‍होंने कहा कि छात्र साल भर इस संवाद का बेसब्री से इंतजार करते हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट में श्री प्रधान ने कहा कि 'परीक्षा पे चर्चा' वास्तव में एक राष्ट्रव्यापी आंदोलन बन गया है, जिसका उद्देश्य एक ऐसा अनुकूल वातावरण बनाना है जहां प्रत्येक बच्चे की विशेष प्रतिभा  को पहचाना जाए, उसका सम्मान किया जाए, उसे पोषित किया जाए और बिना किसी भय के उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अन्नपूर्णा देवी, गिरिराज सिंह, गजेंद्र सिंह शेखावत और जयंत चौधरी सहित अन्य मंत्रियों ने 'परीक्षा पे चर्चा' के 9वें संस्करण को सुना।