- सदफ सलमान प्रथम, माहे उरूज दूसरे व जारा तीसरे स्थान पर रहीं
- पीएसआई इंडिया व केनव्यू के सहयोग से प्रतियोगिता का आयोजन
मुरादाबाद । “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को प्रताप सिंह हिंदू गर्ल्स इंटर कॉलेज में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गयी। डायरिया के प्रति जागरूकता के लिए इस मौके पर नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 58 छात्राओं ने भाग लिया, जिसमें कक्षा-11 की सदफ सलमान पहले, कक्षा-11 की ही माहे उरूज दूसरे और कक्षा -9 की जारा तीसरे स्थान पर रहीं। कक्षा-9 की इमरा को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। इस मौके पर छात्राओं एवं अध्यापकों की हीमोग्लोबिन की जांच भी की गई।
प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को डायरिया रोकथाम और प्रबन्धन के बारे में विस्तार से बताया गया। नुक्कड़ नाटक और पोस्टर के जरिए डायरिया से बचाव के जरूरी सन्देश दिए गए कि टीकाकरण सारणी के अनुसार सारे टीके लगवाएं और रोटावायरस, विटामिन ए को लेना न भूलें। भोजन को ढककर रखें ताकि मक्खियाँ उस पर न बैठें। जिंक की खुराक को दस्त ठीक होने के बाद भी 14 दिनों तक जारी रखें। पीने के पानी को साफ़ रखें और पीने के पानी को निकालने के लिए डंडीदार लोटे का प्रयोग करें । छह माह से छोटे बच्चों को दस्त होने पर भी स्तनपान जारी रखें। डायरिया के दौरान ओआरएस से शरीर में पानी की कमी को रोकें।
इस मौके पर प्रधानाचार्य सीमा शर्मा, विद्यालय के समस्त शिक्षक के साथ स्वास्थ्य विभाग से तारिक अंसारी, हेमा एवं लैब टेक्नीशियन संदीप और पीएसआई इंडिया से कोमल घई, मोहम्मद रिजवान, ममता सैनी आदि उपस्थित रहे।