रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल सात फरवरी को एक दिवसीय दौरे पर जगदलपुर आएंगी। इस मौके पर वे ‘बस्तर पंडुम’ महोत्सव का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति जगदलपुर के लालबाग मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्रीमती मुर्मु महोत्सव स्थल पर लगाए गए विभिन्न प्रदर्शनी स्टॉलों का निरीक्षण कर पारंपरिक हस्तशिल्प, जनजातीय कलाओं, लोक वेशभूषा और स्थानीय उत्पादों को लेकर शिल्पकारों से बातचीत भी करेंगी। इसके बाद इसी दिन राष्ट्रपति जगदलपुर से रायपुर होकर नई दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
बस्तर पंडुम महोत्सव में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे।