सशस्त्र बलों की क्षमता बढ़ाने के लिए डीएसी ने 3.60 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी



नई दिल्ली - रक्षा खरीद परिषद-डीएसी ने आज सशस्त्र बलों की क्षमता बढ़ाने के लिए लगभग 3 लाख 60 हजार करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी। रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि भारतीय वायु सेना के लिए मल्टी रोल फाइटर एयरक्राफ्ट रफाल, लड़ाकू मिसाइलों और हवाई जहाज आधारित अधिक ऊंचाई वाले छद्म उपग्रह की खरीद के लिए आवश्यकता स्वीकृति प्रदान की गई है।

मंत्रालय ने कहा है कि रफाल की खरीद से संघर्ष के सभी पहलुओं में हवाई वर्चस्व निभाने की क्षमता बढ़ेगी और लंबी दूरी के आक्रामक हमलों के साथ वायु सेना की निवारक क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

मंत्रालय के अनुसार, खरीदे जाने वाले अधिकांश रफाल लड़ाकू विमानों का निर्माण भारत में ही किया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि लड़ाकू मिसाइलें गहरी मारक क्षमता और अत्यधिक सटीकता के साथ जमीनी आक्रमण की क्षमता को बढ़ाएंगी। मंत्रालय ने बताया कि भारतीय सेना के लिए बख्तरबंद वाहनों, टी-72 टैंकों और पैदल सेना के लड़ाकू वाहनों के एंटी-टैंक माइंस-विभव की खरीद के लिए मंजूरी दे दी गई है।

भारतीय नौसेना के लिए, चार मेगावॉट के समुद्री गैस टरबाइन आधारित विद्युत जनरेटर और पी-8-आई लंबी दूरी के समुद्री टोही विमान की खरीद के लिए मंजूरी दी गई है। भारतीय तटरक्षक बल के लिए डॉर्नियर विमान के लिए इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल इन्फ्रारेड प्रणाली की खरीद की भी मंजूरी दे दी गई है।