होली पर लखनऊ आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए होली स्पेशल दो और ट्रेनों की घोषणा



लखनऊ(डेस्क) - होली पर लखनऊ आने-जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने होली स्पेशल दो और ट्रेनों की घोषणा की है। ये ट्रेनें 26 फरवरी से चलेंगी। फिरोजपुर से दानापुर और योगनगरी ऋषिकेश से कोलकाता के बीच इनका संचालन होगा। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के सीनियर डीसीएम कुलदीप तिवारी ने बताया कि गाड़ी संख्या 04616 फिरोजपुर-दानापुर होली स्पेशल 26 फरवरी, दो व छह मार्च को फिरोजपुर से दोपहर 12 बजे चलेगी और मोगा, लुधियाना, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली होते हुए लखनऊ सुबह 5:30 बजे पहुंचेगी। फिर रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी, बक्सर, आरा होते हुए शाम 5:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04615 दानापुर-फिरोजपुर होली स्पेशल 27 फरवरी, तीन व सात मार्च को दानापुर से रात 9:10 बजे चलकर उपरोक्त स्टेशनों से होते हुए सुबह सवा आठ बजे लखनऊ व रात 11:55 बजे फिरोजपुर पहुंचेगी। ट्रेन में एसी बोगियां ही रहेंगी। 

वहीं, गाड़ी संख्या 04312 योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता होली स्पेशल 26 फरवरी व दो मार्च को ऋषिकेश से रात 10:20 बजे चलकर हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर होते हुए सुबह नौ बजे आलमनगर, सुबह 9:48 बजे उतरेटिया से गुजरते हुए रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी, गया, धनबाद, आसनसोल, वर्धमान के रास्ते अगली सुबह आठ बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04311 कोलकाता योगनगरी ऋषिकेश होली स्पेशल 28 फरवरी व चार मार्च को कोलकाता से दोपहर 1:55 बजे चलकर उपरोक्त स्टेशनों से होते हुए उतरेटिया सुबह 11:30 बजे व आलमनगर दोपहर 12 बजे, ऋषिकेश रात 10:25 बजे पहुंच जाएगी। ट्रेन में एसी, स्लीपर व जनरल की बोगियां होंगी।