लखनऊ/नई दिल्ली(डेस्क) - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दो दिवसीय सिंगापुर दौरे के दौरान प्रदेश को विभिन्न कंपनियों से 1 लाख करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिसमें इन्वेस्ट यूपी के साथ 60 हजार करोड़ रुपये के महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन भी शामिल हैं। दो दिनों में विभिन्न क्षेत्रों की कंपनी के शीर्ष अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री ने संवाद कर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, एविएशन और डिजिटल इंफार्मेशन जैसे क्षेत्रों में निवेश को लेकर चर्चा की।
श्री योगी ने सिंगापुर दौरे के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेष में हुए कार्यों की चर्चा अब दुनियाभर में हो रही है। यही वजह है कि दूसरे देश प्रदेश में निवेश के लिए आकर्षित हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर की विभिन्न कंपनियों के साथ हुए एमओयू प्रदेश में निवेश, रोजगार और वन ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे। सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन प्रदेश सरकार ने एविएशन सर्विस सेक्टर की अग्रणी कंपनी के साथ महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते के तहत नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अत्याधुनिक कार्गो कैंपस और विश्वस्तरीय एयर कैटरिंग किचेन स्थापित होगा। इसके अलावा इन्वेस्ट यूपी एक अन्य समझौते के तहत सिंगापुर की कम्पनी के साथ मिलकर प्रदेश में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन के लिए काम करेगी। मुख्यमंत्री आज इन्वेस्ट यूपी मेगा रोड शो में भी शामिल हुए।