लखनऊ। जन शिक्षण संस्थान, लखनऊ द्वारा गायत्री परिवार ट्रस्ट एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के सहयोग से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर एक कार्यशाला एवं होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने फूलों से होली खेलकर सौहार्द, स्नेह और उत्सव का वातावरण बनाया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा उनके कार्यों और आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं का उत्साह, आत्मविश्वास और सीखने की जिज्ञासा अत्यंत प्रेरणादायी रही, जिसने कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बना दिया।
इस अवसर पर डॉ. कीर्ति विक्रम सिंह (क्षेत्रीय संयोजक, पर्यावरण शिक्षा पूर्वी उत्तर प्रदेश), अनिल श्रीवास्तव (निदेशक), श्रीमती प्रतिभा बालियान (सामाजिक कार्यकर्ता), डॉ. अमरपाल सिंह (संयोजक, शोध आयाम अवध प्रांत) तथा के. बी. पंत (सह संयोजक, पर्यावरण शिक्षा अवध प्रांत) की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण और महिलाओं के सशक्तिकरण के संकल्प के साथ हुआ।
Scan to download KHUSHI SAMAY app from Playstore..