लखनऊ - रक्षा मंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समता मूलक चौराहे से डालीगंज तक ग्रीन कॉरिडोर परियोजना का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने अगले चरण का शिलान्यास भी किया।
शहर के झूलेलाल पार्क में आयोजित समारोह में प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ग्रीन कॉरिडोर परियोजना को लखनऊ के यातायात को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया। इस परियोजना के माध्यम से शहर के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन तेज और सुगम होगा, जिससे ट्रैफिक दबाव कम होने के साथ ही लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डालीगंज पुल पर उन श्रमिकों को भी सम्मानित किया, जिन्होंने रिकॉर्ड समय में इस ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। सरकार का कहना है कि इस परियोजना से राजधानी लखनऊ में यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अब लखनऊ में मेट्रो ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर को भी मंजूरी मिल गई है, जिससे शहर के विकास को और गति मिलेगी।