लखनऊ जंक्शन पर दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए ब्रेल लिपि में स्टेशन का नक्शा लगाया गया



लखनऊ । पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में यात्री सुविधाओं के विकास के क्रम में एक नई पहल की गई है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार पर दृष्टिहीन और दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा के लिए ब्रेल लिपि में स्टेशन परिसर का नक्शा लगाया गया है।ब्रेल एक स्पर्श आधारित प्रणाली है, जिसे उंगलियों के पोरों से अक्षरों और प्रतीकों को महसूस कर पढ़ा जाता है। इस नक्शे की सहायता से दृष्टिहीन यात्री बिना किसी सहायता के स्टेशन परिसर में उपलब्ध विभिन्न यात्री सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

नक्शे में पार्किंग क्षेत्र, रेलवे सुरक्षा बल चौकी, राजकीय रेलवे पुलिस चौकी, स्टेशन निदेशक कार्यालय, कैबवे रोड, पार्सल कार्यालय, चाइल्ड लाइन, प्रथम तल के लिए सीढ़ियां, यात्री विश्राम स्थल, आईआरसीटीसी कक्ष एवं डॉरमेट्री, प्रवेश द्वार, दिव्यांग रैंप, यात्री हाल, पूछताछ केंद्र, टिकट वेंडिंग मशीन, निकास द्वार, आधार केंद्र, टिकट काउंटर, पेयजल, प्रसाधन, फूड ट्रैक, क्लॉक रूम, एसी यात्री विश्रामालय, बैटरी कार स्टैंड, लिफ्ट, सीढ़ियां, फुट ओवर ब्रिज, एस्केलेटर तथा दुर्गापुरी और चारबाग मेट्रो स्टेशन तक जाने के मार्ग की जानकारी दी गई है।ब्रेल लिपि में तैयार इस नक्शे को स्पर्श कर दृष्टिबाधित रेल यात्री स्टेशन परिसर में अपनी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्थानों तक पहुंचने का मार्ग स्वयं जान सकेंगे। लखनऊ मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं में की गई यह पहल दृष्टिहीन और दृष्टिबाधित यात्रियों के लिए काफी लाभप्रद होगी।