छात्रवृत्ति से वंचित छात्रों को राहत, समाज कल्याण विभाग फिर खोलेगा पोर्टल



लखनऊ। किसी भी कारणवश छात्रवृत्ति से वंचित रह गए छात्रों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। समाज कल्याण विभाग शैक्षिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत संचालित छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के छूटे हुए छात्रों के लिए एक बार फिर पोर्टल खोलने जा रहा है, ताकि सभी पात्र छात्र-छात्राएं दोबारा आवेदन कर छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त कर सकें। इस सुविधा का लाभ सामान्य वर्ग, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्र-छात्राओं को मिलेगा। विभाग का उद्देश्य है कि कोई भी योग्य छात्र केवल तकनीकी या अन्य कारणों से छात्रवृत्ति से वंचित न रह जाए।

समाज कल्याण विभाग के अनुसार, पिछले वर्ष वित्तीय वर्ष 2024-25 में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के तहत पोर्टल खोला गया था, जिसके माध्यम से 53,041 छात्रों को कुल 81.12 करोड़ रुपये की धनराशि प्रदान की गई थी। इसमें अनुसूचित जाति वर्ग के 25,395 छात्रों को 30.65 करोड़ रुपये तथा सामान्य वर्ग के 27,646 छात्रों को 50.47 करोड़ रुपये की सहायता दी गई थी।समाज को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से ट्रांसजेंडर समुदाय के छात्रों को भी इस योजना में शामिल किया गया है, जिसे सामाजिक समावेशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा को सशक्त बनाने और हर वर्ग तक उसका लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जो छात्र किसी कारणवश छात्रवृत्ति से वंचित रह गए हैं, उन्हें दोबारा अवसर देकर उनकी शिक्षा को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है, ताकि वे अपने भविष्य को सशक्त बना सकें।