निजी स्कूलों की मनमानी पर सख्ती: यूनिफॉर्म-किताबों में दबाव डालने पर होगी कार्रवाई



जयपुर । प्रदेश में शिक्षा विभाग ने निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों पर यूनिफॉर्म, किताबें और अन्य सामग्री के नाम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने सभी ब्लॉक स्तर पर निगरानी समितियां गठित कर स्कूलों की जांच के निर्देश जारी किए हैं। 

शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में प्राइवेट स्कूलों के निरीक्षण के लिए तीन सदस्यीय टीमें बनानी होंगी। ये टीमें यह सुनिश्चित करेंगी कि कोई भी स्कूल अभिभावकों को किसी विशेष दुकान से यूनिफॉर्म, किताबें, जूते या अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य न करे। विभाग ने इस जांच के लिए समयसीमा भी तय की है। ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को 15 अप्रैल तक जांच पूरी कर 20 अप्रैल तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।